सहारनपुर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली और मानकों की समीक्षा के लिए चल रही उच्च स्तरीय जांच के तहत सहारनपुर जिले में स्थित दो निजी विश्वविद्यालयों शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह और ग्लोकल विश्वविद्यालय, मिर्जापुर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। जांच का नेतृत्व सहारनपुर मंडल के आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने किया।

डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि प्रदेश के सभी 52 निजी विश्वविद्यालयों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में सहारनपुर के दोनों विश्वविद्यालयों में भूमि, भवन, वित्तीय प्रबंधन, शिक्षकों की नियुक्ति, छात्र प्रवेश प्रक्रिया, एंडोमेंट फंड तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।

उन्होंने कहा कि इस जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निजी विश्वविद्यालय निर्धारित मानकों, नियमों और विनियमों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं। इससे उच्च शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

कमिश्नर ने बताया कि दोनों विश्वविद्यालयों का निरीक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है और शीघ्र ही विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की जा रही है। जांच के लिए डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति में माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कमल कृष्ण, वित्त अधिकारी एवं मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार तथा क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी इंद्रदेव सिंह शामिल हैं।

शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के निरीक्षण के दौरान एसडीएम नकुड़ सुरेंद्र सिंह और विश्वविद्यालय के कुलपति सरदार बूरा सिंह सिद्धू उपस्थित रहे। वहीं ग्लोकल विश्वविद्यालय, मिर्जापुर में एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, कुलपति डॉ. मंजू गुप्ता तथा रजिस्ट्रार शिवानी तिवारी मौजूद रहीं।

सूत्रों के अनुसार जांच 17 बिंदुओं पर आधारित थी। निरीक्षण के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों द्वारा सभी आवश्यक अभिलेख समिति को उपलब्ध नहीं कराए जा सके। समिति ने संबंधित संस्थानों को शेष दस्तावेज शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की जांच से निजी विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित