श्रीगंगानगर , जून 13 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पंचायत समिति सादुलशहर के निदेशक डॉ बृजमोहन सहारण ने जयपुर में किसान आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सी आर चौधरी से उनके कार्यालय, कृषि भवन में मुलाकात की।
डॉ. सहारण ने शनिवार को बताया कि इस दौरान उन्होंने श्रीगंगानगर जिले के किसानों की गंभीर समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले के किसान गेहूं की सरकारी खरीद, बारदाना की भारी कमी और गंगनहर में पंजाब से कम पानी मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और किसानों की परेशानियों को दूर करने की मांग की।
इस पर श्री चौधरी ने डॉ सहारण की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वह इन सभी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और शीघ्र ही समाधान करवाने का प्रयास करेंगे। मुलाकात के दौरान डॉ. सहारण ने अपने गांव गणेशगढ़ के इतिहास और पूर्वजों द्वारा समाज सेवा एवं सामाजिक कार्यों में दिये गये योगदान पर आधारित अपनी लिखित पुस्तक 'झरोखा' सी.आर चौधरी को भेंट स्वरूप दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित