खरगोन , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के भीकनगांव में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने नगर परिषद के एक सहायक राजस्व निरीक्षक को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के अनुसार आरोपी मयंक जैन (34), सहायक राजस्व निरीक्षक, नगर परिषद भीकनगांव को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

शिकायतकर्ता सिराज पठान निवासी वार्ड क्रमांक 06 हनुमान मंदिर क्षेत्र कसाई मोहल्ला भीकनगांव ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था और पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये प्राप्त हो चुके थे।

आरोप है कि दूसरी किश्त जारी कराने के एवज में आरोपी द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित