धार , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक प्रबंधक परीक्षा-2024 (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग) के परिणाम में धार जिले के धरमपुरी तहसील के ग्राम तारापुर निवासी आदित्यराज सिंह ठाकुर ने प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल कर जिले और गांव का नाम रोशन किया है।

श्री ठाकुर ने गांव में रहकर स्व-अध्ययन के माध्यम से इस परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने करीब चार से पांच वर्षों तक लगातार तैयारी करते हुए प्रतिदिन लगभग पांच घंटे पढ़ाई की। उनका साक्षात्कार नौ जुलाई 2026 को हुआ था और 19 अगस्त को परिणाम घोषित होने के बाद गांव में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर फूल-मालाओं से स्वागत कर बधाई दी।

आदित्यराज का सफलता का सफर आसान नहीं रहा। वे इससे पहले कई बार मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तक पहुंचे, लेकिन अंतिम मेरिट में एक-दो अंकों से चूक गए। पुलिस भर्ती परीक्षा के शारीरिक दक्षता परीक्षण में भी उन्हें असफलता मिली। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को दूर करते हुए तैयारी जारी रखी।

कृषि पृष्ठभूमि वाले संयुक्त परिवार से आने वाले श्री ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़े पापा, चाचा, संयुक्त परिवार के सदस्यों और अपने चार मित्रों को दिया है। उनके पिता ग्राम पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि गांव में रहते हुए अधिकारियों के कार्यों को करीब से देखने से उन्हें समाज सेवा और सरकारी सेवा में जाने की प्रेरणा मिली। अब उनका उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र की विसंगतियों को दूर करने और बेहतर कार्य करने का है।

उनकी इस उपलब्धि पर तारापुर सहित आसपास के क्षेत्र में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सीमित संसाधनों में ग्रामीण परिवेश से तैयारी कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने की उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित