रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री शर्मा ने कहा कि राजस्व संबंधी मामले सीधे आम नागरिकों से जुड़े होते हैं। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसके कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हो। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और संवेदनशील बनाने के साथ ही शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।

श्री शर्मा ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सूतियापाठ स्थित मां हिंगलाज माता मंदिर के जीर्णोद्धार तथा ग्राम मोतिमपुर से मंदिर तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए नौ करोड़ 47 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कवर्धा में बिलासपुर और रायपुर मार्ग से शहर में प्रवेश करने वाली सड़कों को चार लेन में विकसित करने के लिए 54 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि माता विंध्यवासिनी मंदिर और बूढ़ा महादेव मंदिर के विकास के साथ ही महामाया मंदिर चौक से समनापुर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नवीन एसडीएम कार्यालय परिसर में किसानों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए किसान सदन भी बनाया गया है। इसमें बैठने के लिए कुर्सियां, पेयजल के लिए वाटर कूलर और टेलीविजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कवर्धा नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, लाला राम साहू, जनपद पंचायत लोहारा अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा अध्यक्ष सरिता मिश्रा, जिला पंचायत सभापति मनीराम साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष हेमंत साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित