सहरसा , अक्टूबर 04 -- बिहार में सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र स्थित संत कारु बाबा मंदिर में रविवार की शाम पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर महंत और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई।

इस दौरान मंदिर के महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों की ओर से चलाई गई गोली से एक ग्रामीण घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी महंत समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार की शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच हुई। मंदिर के महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों का कुछ ग्रामीणों के साथ पूर्व से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई, जिसमें गोलीबारी की घटना हुई। गोली लगने से एक व्यक्ति के पैर में चोट आई, जबकि दूसरे व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई।

दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महंत और उनके समर्थकों को मंदिर परिसर में ही बंधक बना लिया। इस दौरान महंत की एक गाड़ी में आग लगा दिए जाने की भी सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही महिषी थानाध्यक्ष और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर परिसर की तलाशी ली, जिसमें अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

ग्रामीणों के विरोध के बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी महंत निरंजन यादव और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित