सहरसा , अक्टूबर 10 -- सहरसा जिले के 2,23,013 पेंशनधारियों के बैंक खातों में सितंबर 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि अंतरित कर दी गई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेंशन राशि के अंतरण की प्रक्रिया पूरी की।

इसके तहत प्रत्येक लाभुक के खाते में 1,100 रुपये की मासिक पेंशन भेजी गई।

इस अवसर पर सहरसा जिला समाहरणालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत, सहायक समाहर्ता केतन शुक्ला, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक सहित लगभग 100 पेंशनधारी शामिल हुए।

जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि जिले में उन 2,23,013 पेंशनधारियों को सितंबर माह की पेंशन जारी की गई है, जिनका जीवन प्रमाणीकरण 30 सितंबर 2026 तक पूरा हो चुका था। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभुकों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 1,22,069, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 58,450, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 15,805, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 15,064, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 10,113 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 1,512 लाभुकों को पेंशन दी गई है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 तक जिले के 21,056 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। उन्होंने संबंधित पेंशनधारियों से अपील की कि वे पेंशन का निर्बाध लाभ प्राप्त करने के लिए जल्द से जल्द अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा वसुधा केंद्र पर जाकर जीवन प्रमाणीकरण करा लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित