सहरसा , अप्रैल 22 -- म नागरिकों को सस्ती, सुलभ एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सोलर अधिष्ठापन में तेजी लाने के लिये बुधवार को विद्युत विभाग एवं बैंकों के संयुक्त तत्वावधान में सोलर मेला सह लोन मेला का आयोजन किया गया। इस मेला का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें योजना से जोड़ना था। मेला में विशेषज्ञों एवं तकनीकी टीम द्वारा सोलर पैनल की स्थापना, कार्यप्रणाली, रख-रखाव, लागत, अनुदान (सब्सिडी) तथा इससे होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। मेले की विशेषता यह रही कि इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे वे तुरंत आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू कर सके। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स एवं एजेंसियों ने भाग लेकर उपभोक्ताओं को उपयुक्त सोलर समाधान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
विद्युत अधीक्षण अभियंता, सहरसा ई. संतोष कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने पर सरकार द्वारा अनुदान प्रदान किया जाता है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत एक किलोवाट पर 30,000 रुपये,दो किलोवाट पर 60,000 रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त, सोलर संयंत्र स्थापना के लिये बैंकों के माध्यम से लगभग सात प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 75 उपभोक्ताओं के छत पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमे से 68 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो चूका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित