बांका , जून 16 -- बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह बांका के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को जन शिकायतों के प्रभावी निवारण और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित पंचायत स्तरीय सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया। मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने इस दौरान अधिकारियों को जन समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने तथा आमजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश दिया।
प्रत्येक माह के प्रथम एवं द्वितीय मंगलवार को आयोजित होने वाले पंचायतवार सहयोग शिविर के तहत चांदन प्रखंड के चांदन पंचायत, बाराहाट प्रखंड के सोनडीहा दक्षिणी पंचायत तथा अमरपुर प्रखंड के भदरिया पंचायत में शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों का निरीक्षण प्रभारी मंत्री ने स्थानीय विधायक की उपस्थिति में किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिविरों में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और सभी आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें।
सहयोग शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई, वहीं पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
इसके अलावा विद्युत विभाग, मनरेगा, कृषि विभाग, आईसीडीएस, सहकारिता विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल पर लोगों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता संबंधी मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित