आलीराजपुर , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में सहकारिता विभाग से जुड़े एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। कट्टीवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में लगभग चार करोड़ रुपये के गबन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित झाबुआ की कट्टीवाड़ा शाखा के प्रबंधक उदयसिंह चौहान की लिखित शिकायत से हुई। शिकायत और चार्टर्ड अकाउंटेंट की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच में पाया गया कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर कुल 3,99,05,661 रुपये की सरकारी राशि में हेराफेरी की। मुख्य आरोपियों में तत्कालीन संस्था प्रबंधक एवं शाखा पर्यवेक्षक गिरधारीलाल राठौड़, समिति प्रबंधक रमेश भूरिया और शाखा प्रबंधक निर्भयसिंह तोमर शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने बैंक के सीबीएस सिस्टम में फर्जी आईडी बनाकर गलत प्रविष्टियां कीं, किसानों की ऋण सीमा से अधिक राशि दर्शाई और बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितता की। साथ ही किसानों द्वारा जमा की गई ऋण राशि को उनके खातों में दर्ज नहीं किया गया।
कट्टीवाड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और 409 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की विस्तृत जांच उप निरीक्षक लालू सिंह भूरिया को सौंपी गई है। यह कार्रवाई जिला प्रशासन और बैंक मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित