बेमेतरा , अप्रैल 15 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गांगपुर (ब) एवं उसके आश्रित ग्राम बहुनगांव और सिरवाबांधा के किसानों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर बुधवार को प्रशासन के समक्ष नई सहकारी समिति के गठन की मांग उठाई है। लंबे समय से इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें गांगपुर (ब) स्थित सहकारी समिति पर निर्भर रहना पड़ता है, जो काफी दूरी पर स्थित है। इसके चलते धान खरीदी, खाद-बीज वितरण और भंडारण जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को इससे अधिक परेशानी हो रही है।

किसानों के अनुसार, इस समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपा जा चुका है, जिसमें गांगपुर (ब) से अलग नई सहकारी समिति के गठन की मांग की गई थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने सुझाव दिया है कि बहुनगांव और सिरवाबांधा के मध्य उपयुक्त स्थान पर नई सहकारी समिति स्थापित की जाए। इसके लिए भूमि भी प्रस्तावित की गई है, जहां धान खरीदी केंद्र और भंडारण सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।

किसानों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित