रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश की 2058 सहकारी समितियों के लगभग 15 हजार कर्मचारी आज अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के संयुक्त आह्वान पर यह आंदोलन चार चरणों में किया जा रहा है।
पहले चरण के तहत 24 अक्टूबर को सभी 33 जिलों के जिला मुख्यालयों में रैली और प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कर्मचारी नारेबाजी करते हुए अपने मांगों को लेकर कलेक्टर के माध्यम से विभिन्न मंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय "महा हुंकार रैली" का आयोजन होगा। इसके बाद तीसरे चरण में 3 से 11 नवंबर तक संभाग स्तरीय आंदोलन चलेगा।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो वे धान खरीदी कार्य का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाएंगे।
आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि जब तक शासन उनकी जायज मांगों को नहीं मानता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित