जगदलपुर , जून 24 -- केंद्रीय सहकारिता मंत्रालयकी स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से छह जुलाई तक आयोजित होने वाले "सहकारी सप्ताह" को जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग की संभाग स्तरीय वर्चुअल बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा और रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप बैंक मुख्यालय से तथा उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा सुकमा नोडल कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इसके अलावा सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

बैठक में कश्यप ने निर्देश दिए कि सहकारी सप्ताह के दौरान प्राथमिक कृषि साख समितियां (पैक्स/लैम्प्स), वनोपज, दुग्ध, मत्स्य एवं बहुउद्देशीय सहकारी समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम, संवाद और विविध गतिविधियां आयोजित करें, ताकि सहकारिता आंदोलन की पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों सहित अधिक से अधिक लोगों तक हो सके।

उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशन, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने किसानों, ग्रामीणों और आमजन को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने तथा सहकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर द्वारा भी सहकारी सप्ताह के दौरान विभिन्न समितियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा सहकारिता की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित