खरगोन , मई 27 -- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित खरगोन की बिस्टान शाखा में 41 लाख 58 हजार रुपए से अधिक के गबन का मामला सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने कैशियर और सहायक लेखाकार को निलंबित कर दिया है।

बैंक प्रशासन ने कैशियर ऋतु गोयल और सहायक लेखाकार त्र्यंबक वाणी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संध्या रोकड़े ने बताया कि मामले की विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 को शाखा में नियमित कैश सत्यापन और भौतिक लेखा परीक्षण के दौरान गड़बड़ी सामने आई। जांच में कैश बुक में दर्ज राशि और शाखा में वास्तविक रूप से उपलब्ध नकदी के बीच 41 लाख 58 हजार 95 रुपए का अंतर पाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक प्रबंधन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारी मौके पर पहुंचे और शाखा का निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया। इसके बाद कार्रवाई के लिए जैतापुर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। फिलहाल पुलिस और बैंक प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। बैंक प्रबंधन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित