पटना , अक्टूबर 01 -- बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में लापरवाही और वित्तीय अनियमितता पर कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को कहा कि अपेक्षित सुधार नहीं करने वाले बैंकों के प्रबंध निदेशकों की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।
श्री यादव ने आज भागलपुर एवं तिरहुत प्रमंडल के विभागीय पदाधिकारियों के साथ सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी बैंकों में गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) को कम करने, लघु एटीएम को क्रियाशील बनाने, भारतीय रिजर्व बैंक और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के मानकों का अनुपालन करने तथा ऋण वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि सहकारी बैंकों में वित्तीय अनुशासन और नियामकीय प्रावधानों का पालन अनिवार्य है। मोतिहारी, मुजफ्फरपुर एवं भागलपुर जिला सहकारी बैंकों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित