पटना , जून 17 -- ैयाम एवं सकरी में सहकारी क्षेत्र में चीनी मिल की स्थापना के किये प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों के गठन की अनुमति सहकारिता विभाग ने दे दी है। इन चीनी मिल सहकारी समितियों के सदस्य क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसान होंगें।
सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने सकरी एवं रैयाम में सहकारी चीनी मिलों की स्थापना एवं चीनी मिल सहकारी समितियों के गठन के कार्य की बुधवार को समीक्षा की है। इससे जुड़ी प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि यथाशीघ्र सभी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए सहकारी समिति के निबंधन की कार्रवाई पूर्ण की जाय। उन्होंने कृषि को लाभप्रद बनाने एवं किसानों के आय में वृद्धि के लिए राज्य सरकार के संकल्प को दोहराया है।
सकरी एवं रैयाम में सहकारी चीनी मिल की स्थापना के लिए आयोजन क्षेत्र का निर्धारण करते हुए इससे संबंधित अधिसूचना गन्ना उद्योग विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है। रैयाम चीनी मिल के लिए मधुबनी जिले के 438 गांव एवं दरभंगा जिले के 580 गांव तथा सकरी चीनी मिल के लिए मधुबनी जिले के 686 गांव एवं दरभंगा जिले के 697 गांव को आरक्षित किया गया है।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि निर्धारित आयोजन क्षेत्र से गन्ना किसानों एवं गन्ना की खेती के लिए इच्छुक किसानों को सम्मिलित करते हुए बिहार सहकारी सोसाइटी अधिनियम-1935 के तहत रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति एवं सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के गठन की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्रस्तावित प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति लिमिटेड की सदस्यता के लिए ऐसे व्यक्ति जो समिति के कार्यक्षेत्र में न्यूनतम 100 डीसीमिल क्षेत्र में गन्ना उत्पादन करते हो अथवा उक्त रकवा में गन्ना उत्पादन की इच्छा रखते हों, पात्र होंगें। अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग एवं महिला किसान, जो न्यूनतम 50 डीसीमिल क्षेत्र में गन्ना उत्पादन अथवा गन्ना उत्पादन करने की इच्छा रखते हों, समिति के सदस्य बन सकेंगें। सदस्यता के लिए इच्छुक प्रत्येक किसान को कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर निबंधित होना अनिवार्य होगा। समिति के सदस्यता के लिए प्रवेश शुल्क 500 रूपये एवं एक हिस्से का मूल्य 1000 रूपये निर्धारित किया गया है।
प्रस्तावित दोनों प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों के गठन के लिए इच्छुक किसानों का समूह तैयार करने एवं समिति निबंधन के लिए आवश्यक कागजात तैयार करने के उद्देश्य से दो सदस्यीय संगठनकर्ता समिति का गठन संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां, दरभंगा प्रमण्डल द्वारा कर दिया गया है।
प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों की सदस्यता का आवेदन देने के लिए सहकारिता विभाग के द्वारा विशेष पोर्टल तैयार किया गया है। इसे दोनों प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों के सदस्य बनने के इच्छुक किसानों को आवेदन देने के लिए यथाशीघ्र लॉन्च किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित