खरगोन , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (डीसीसीबी) की ठीबगांव शाखा में 41.58 लाख रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे शाखा प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि शाखा प्रबंधक राजेश राठौर को सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसे बैंक की ठीबगांव शाखा में 41 लाख 58 हजार 95 रुपये के गबन के मामले में आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि 25 मई को बैंक की कैशियर रितु गोयल के अचानक फरार होने के बाद बैंक द्वारा की गई आंतरिक जांच में गबन का खुलासा हुआ था। इसके बाद 29 मई को जैतापुर थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि गबन की पूरी राशि रितु गोयल ने हड़पी थी। मामले में शाखा प्रबंधक राजेश राठौर तथा बैंक कर्मचारी त्र्यंबक वाणी की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें भी आरोपी बनाया गया।
जांच में यह भी पता चला कि रितु गोयल ने गबन की अधिकांश राशि ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दी, जबकि शेष रकम परिवार के साथ हवाई यात्राओं और होटलों में ठहरने पर खर्च की। पुलिस पहले ही रितु गोयल और बैंक कर्मचारी त्र्यंबक वाणी को गिरफ्तार कर चुकी है। रितु गोयल के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए गए थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक की जांच में शाखा प्रबंधक राजेश राठौर और कर्मचारी त्र्यंबक वाणी के खातों में गबन की राशि जाने अथवा उनके द्वारा कोई धनराशि प्राप्त करने के प्रमाण नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार पूरी गबन की राशि रितु गोयल द्वारा ही हड़पी गई थी। मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित