इटावा , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने कहा है कि सहकारिता को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें भ्रष्टाचार करने वालों पर न केवल कड़ी कार्यवाही होगी बल्कि उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति के आधार पर कार्य किया जाएगा।
इटावा के बाबा साहब कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में जेपीएस राठौर ने कहा कि पहले जो सहकारी बैंके बंद थी उनको भी चालू किया गया है और भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इटावा सहकारी बैंक में 102 करोड रुपए का घोटाला हुआ है और इस मामले को लेकर कई आरोपी जेल में भी हैं। आगे की कार्यवाही भी चल रही है।
उन्होंने कहा कि सभी समितियो को सक्रिय किया जाएगा। काफी समितियां सक्रिय हो चुकी हैं और इन समितियों पर खाद भी समय से पहुंच रही है, जिससे किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़ता।
उन्होंने यह भी कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता गुंडाराज और दंगा होते थे, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्य हो रहे हैं । इटावा में सहकारिता के प्रशिक्षण केंद्र के बंद होने के संबंध में सहकारिता राज्य मंत्री ने कहा कि एक महीने के अंदर इस प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्था सुधार दी जाएगी । 15 अगस्त तक जर्जर भवन के स्थान पर नई इमारत बना दी जाएगी। इसके साथ ही इस केंद्र में प्रशिक्षण का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
प्रदेश में खाद्य विक्रेताओं की दुकानों पर नेम प्लेट लगाए जाने के मामले में सहकारिता राज्य मंत्री ने कहा कि इसमें गलत क्या है। यदि कोई व्यक्ति कहीं से कोई खाद्य सामग्री खरीद कर इसका प्रयोग करता है और उसे कोई परेशानी होती है तो फिर शिकायत किसकी करेगा। इसलिए नेम प्लेट तो होनी ही चाहिए, जिससे पता तो चल सके कि कहां से उसने सामग्री खरीदी थी। यह तो उपभोक्ता का अधिकार भी है । नेम प्लेट लगाने से किसी के अधिकार का उल्लंघन नहीं है बल्कि यह जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित