फगवाड़ा , अगस्त 24 -- पंजाब में कपूरथला पुलिस ने जैनपुर गांव निवासी एक व्यक्ति से सस्ती कीमत पर जमीन दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर 1.05 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता नरिंदर सिंह ने सोमवार को बताया कि उसकी फेसबुक के जरिए संगरूर जिले के लहरागागा निवासी सुखपाल कौर से जान-पहचान हुई थी। बाद में दोनों परिवारों के बीच संबंध बन गये। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सुखपाल कौर ने उसके पुत्र के लिए विवाह का रिश्ता सुझाया और बताया कि लड़की अमनदीप कौर तथा उसकी बहन के नाम मोगा में 15 एकड़ और जयपुर में 10 एकड़ जमीन है।
आरोप है कि बाद में सुखपाल कौर ने मोगा में सस्ती कीमत पर जमीन दिलाने की पेशकश की। उसके भरोसे में आकर नरिंदर सिंह ने अलग-अलग समय पर उसके द्वारा बताये गये एचडीएफसी बैंक और एसबीआई खातों में कुल 1,05,90,000 रुपये ट्रांसफर कर दिये। कथित जमीन सौदा सिरे नहीं चढ़ा और बाद में महिला ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
नरिंदर सिंह ने इस संबंध में 12 मई 2026 को कपूरथला के एसएसपी को शिकायत दी थी। सुल्तानपुर लोधी थाने में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला ने कथित तौर पर एक शपथपत्र देकर 70 लाख रुपये वापस करने की सहमति जतायी थी और अलग-अलग तारीखों पर भुगतान का वादा किया था, लेकिन शिकायतकर्ता के अनुसार रकम वापस नहीं की गयी।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी गयी। मामले की जांच कपूरथला के डीएसपी, पीबीआई/एनडीपीएस ने की। तेईस जुलाई 2026 की जांच रिपोर्ट में धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों में प्रथम दृष्टया तथ्य पाये गये तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 406 और 420 के तहत मामला दर्ज करने की सिफारिश की गयी।
इसके बाद कपूरथला के जिला अटॉर्नी ने 20 अगस्त को कानूनी राय देते हुए केस दर्ज करने की सिफारिश की। पुलिस ने अब धारा 406 और 420 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित