पटना , दिसंबर 13 -- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत मुख्यालय पटना की ओर से शनिवार को बल के 62 वें स्थापना दिवस के अवसर पर बॉर्डर यूनिटी रन-2025 का आयोजन सद्भावना, उत्साह और देशभक्ति के भाव के साथ किया गया।

इस अयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता, शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहन, तथा सामुदायिक एकजुटता को बढ़ावा देना है।

बॉर्डर यूनिटी रन-2025 का शुभारंभ केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानन्द राय ने हरी झंडी दिखाकर किया।इस दौड़ में सीमान्त मुख्यालय पटना के अंतर्गत कुल 631 किलोमीटर लम्बी भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर, जिला-पश्चिमी चंपारण से अररिया तक कुल 74 अलग-अलग दौड़ कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न स्थानों पर एक साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के लिये उन्हें मैडल तथा प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये।

इस दौरान एसएसबी के प्रत्येक वाहिनियों द्वारा मानव तथा पशु चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बल के चिकित्सकों द्वारा सीमावर्ती नागरिकों तथा उनके पशुओं को नि:शुल्क इलाज,परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया साथ ही सभी वाहिनियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।कुल 74 कार्यक्रमों में 26000 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री राय ने इस अवसर पर कहा कि हम सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना रखते हुए स्वास्थ्य का ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने सभी को देश की एकता और अखंडता के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित