नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी सहयोगी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सशस्त्र बलों के जवानों, पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं और उनके पात्र आश्रितों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर विशेष ऑफर की घोषणा की है जिसमें मूल किराये पर 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

ऑफर के तहत 15 अगस्त से 17 अगस्त तक बुकिंग करायी जा सकेगी। यह छूट एक तरफ की यात्रा और आने-जाने दोनों की बुकिंग पर लागू होगी। छूट सिर्फ मूल किराये में मिलेगी जबकि कर, शुल्क और अधिभार का भुगतान अलग से करना होगा। इस ऑफर के तहत उपलब्ध सीटें सीमित हैं जो पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगी।

सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के आश्रितों में पति/पत्नी, दो से छब्बीस वर्ष की आयु के बच्चे और माता-पिता शामिल होंगे। ऑफर का लाभ भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक बल, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, सशस्त्र सीमा बल, असम राइफल्स, इंटेलिजेंस ब्यूरो, रेलवे सुरक्षा बल, सैन्य भर्ती कर्मी, सैन्य चार्टर यात्री, सक्रिय ड्यूटी पर सैन्य रिजर्व कर्मी, युद्ध के पूर्व सैनिक और उनके आश्रित, सैन्य कर्मियों की वीरांगनाएं, जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्स के कर्मी, सेना, नौसेना और वायु सेना से उच्च श्रेणी के वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को मिलेगा।

एयर इंडिया से यात्रा करने वाले यात्री अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में फ्लाईएआई प्रोमो कोड का उपयोग करके तीन हजार रुपये तक की अतिरिक्त छूट भी प्राप्त कर सकते हैं, जो नियम एवं शर्तों के अधीन होगी।

एयर इंडिया की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से बुकिंग करने वाले यात्रियों को कन्वीनियंस फीस पर अतिरिक्त 50 प्रतिशत की निश्चित छूट भी मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित