पटना, जून 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि बिहार गृह रक्षा वाहिनी का सशक्त और आधुनिक स्वरूप राज्य की प्रगति, विकास तथा मजबूत विधि-व्यवस्था का परिचायक है। मुख्यमंत्री श्री चौधरी आज पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित गृह रक्षकों के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। समारोह में नवप्रशिक्षित गृह रक्षकों द्वारा प्रस्तुत परेड और विभिन्न कौशल प्रदर्शनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने दीक्षांत परेड समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने में पुलिस बल और बिहार गृहरक्षा वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि नवनामांकित ने अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

श्री चौधरी ने सभी जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि विकास और समृद्धि के लिए सुरक्षित वातावरण आवश्यक है तथा प्रशिक्षित गृह रक्षक इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव और वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान होमगार्ड जवानों ने अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया। उन्होंने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में लगभग एक लाख 10 हजार होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई थी और कहीं भी पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। वहीं 2025 के विधानसभा चुनाव में लगभग 44 हजार होमगार्ड जवानों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित