भरतपुर , मार्च 10 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में मंगलवार को सरसों के दाम और मंडी की अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों ने व्यापारियों पर मनमर्जी से सरसों के भाव तय करने का आरोप लगाया जिसकी वजह से मंडी में कारोबार ठप हो गया।

किसानों ने आरोप लगाया कि सोमवार को मंडी में सरसों का भाव करीब 6400 रुपए प्रति क्विंटल था, लेकिन मंगलवार को व्यापारी 5500 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीद कर रहे हैं। राजस्थान की अन्य मंडियों में व्यापारी खुद सरसों के भाव तय नहीं करते, लेकिन सवाईमाधोपुर की मंडी में व्यापारी अपनी मर्जी से ही सरसों के दाम तय करते हैं और उसी दर पर खरीद करते हैं।

सूत्रों ने बताया कि व्यापारी किसानों द्वारा लाई गई सरसों के कट्टों और बोरियों को खोलकर ढेर लगा देते हैं, जिससे किसान कम कीमत पर ही फसल बेचने को मजबूर हो जाते हैं। सरसों के एक खाली बारदाने का वजन करीब 700 ग्राम होता है, लेकिन व्यापारी बारदाने के नाम पर एक किलो वजन काटते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित