भरतपुर , फरवरी 25 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के पुराने शहर में पिछले दो दिनों से रात के समय एक तेंदुए के मंडराने से लोगों में भय व्याप्त है। वन विभाग ने क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी के बाद लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
सूत्रों ने बताया कि तेंदुआ सोमवार रात रामलीला मैदान क्षेत्र, डूंगरपाड़ा, 72 सीढ़ी स्कूल, राजबाग क्षेत्र में देखा गया। उसके बाद मंगलवार रात में पंसेरी बालाजी मंदिर के पीछे से तेंदुए के गुर्राने की तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी।
सूत्रों के अनुसार यहां एक गाय के बछड़े पर तेंदुए के हमले की सूचना भी वन विभाग को दी गयी। इस क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही से भयभीत स्थानीय लोग वन विभाग से पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से नागरिकों को गंभीर खतरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित