भरतपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में मानटाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बालिका विद्यालय के पास 17 जुलाई को आभूषण विक्रेता दिनेश गोयल के साथ हुए लूटकांड मामले में वांछित आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस वारदात के मुख्य आरोपी लोकेश कुमार मीणा (28) को गिरफ्तार किया गया है। यह इस मामले में छठी गिरफ्तारी है। आरोपी ने भारी आर्थिक तंगी के बीच कर्ज से छुटकारा पाने के लिए लूट की वारदात की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सवाई माधोपुर की इंद्रा कॉलोनी में आभूषण की दुकान चलाने वाले दिनेश गोयल को निशाना बनाने की योजना बनायी थी। वारदात में शामिल लोकेश के पांच साथियों आशीष सैन, रवि मीणा, दिलखुश मीणा, अशोक कुमार मीणा और प्रशांत कांवटिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार करके अपराध में इस्तेमाल किये गये चारपहिया वाहन स्कॉर्पियो को बरामद कर चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित