फिरोजाबाद , जुलाई 03 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के टूंडला कस्बे में गुरुवार रात सलवार-सूट पहनकर आए बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान की दीवार काटकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार स्टेशन रोड स्थित श्रीजी ज्वेलर्स के संचालक आकाश जुवैल शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने पीछे की दीवार कटी हुई देखी। अंदर जाकर जांच करने पर दुकान से सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि बदमाश अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से सलवार-सूट पहनकर और चुन्नी ओढ़कर दुकान में घुसे थे। आरोपियों ने दुकान के अंदर रखी आभूषणों की अलमारी को भी काटने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार बदमाश करीब पांच किलोग्राम चांदी और 100 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान का मूल्य लाखों रुपये बताया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित