मुंबई , अगस्त 12 -- रियलिटी शो 'बिग बॉस' हिंदी अपने 20वें सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिये तैयार है। जियोहॉटस्टार और कलर्स ने शो का आधिकारिक ट्रेलर जारी किया है, जिसमें मेजबान सलमान खान ने 'एक्स्ट्रा जीवनदान' नाम के नये ट्विस्ट का खुलासा किया है। शो का प्रसारण छह सितंबर से किया जाएगा।

ट्रेलर में सलमान खान दो योद्धाओं के बीच मुकाबले को रोकते हुए नजर आते हैं। इसके बाद वह अपने खास अंदाज में कहते हैं, "बिग बॉस में मिलेगा, मेरी जान... एक्स्ट्रा जीवनदान।" इसके बाद वह 'तथास्तु' कहते हुए इस सीजन के नये ट्विस्ट से पर्दा उठाते हैं।

'एक्स्ट्रा जीवनदान' के तहत प्रत्येक कंटेस्टेंट को एक अतिरिक्त मौका मिलने का संकेत दिया गया है। हालांकि यह जीवनदान कब और किस तरह काम आएगा, इसका खुलासा शो में किया जाएगा। इस ट्विस्ट के साथ कंटेस्टेंट्स के लिये अपनी रणनीति बदलने और जोखिम उठाने की चुनौती बढ़ जाएगी।

जियोस्टार में हिंदी एवं अंग्रेजी एंटरटेनमेंट कारोबार के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि 'बिग बॉस' के 20 सीजन पूरे करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर गेमप्ले में नई परतें जोड़ी गई हैं, जो कंटेस्टेंट्स को अपनी रणनीतियों पर दोबारा विचार करने और घर के भीतर नई संभावनाएं तलाशने के लिये प्रेरित करेंगी।

सलमान खान ने कहा, "बिग बॉस में हर साल गेम बदलता है। इस बार सिर्फ गेम नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। 'जीवनदान' सुनने में जितना सीधा लगता है, उतना है नहीं। बाकी, घर के अंदर पता चल ही जाएगा।"'बिग बॉस' हिंदी सीजन 20 का प्रसारण छह सितंबर से जियोहॉटस्टार और कलर्स पर किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित