बीजापुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ में सर्व आदिवासी समाज के संगठन विस्तार अभियान के तहत बीजापुर जिले के ग्राम चेरपाल में आयोजित बैठक में गंगालूर प्रखंड इकाई का गठन किया गया।

बैठक में 17 पंचायतों के 58 गांवों से पहुंचे 500 से अधिक सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सामान्य, महिला एवं युवा प्रभाग के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया, जिसकी जानकारी आज समाज के प्रमुखों ने दी । जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला सचिव कमलेश पैंकरा ने संगठन के संविधान एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए समाज की एकजुटता पर जोर दिया। गोंडवाना समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष अमित कोरसा ने सामाजिक जागरूकता के साथ सड़क सुरक्षा नियमों, वाहन बीमा तथा ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला। वहीं गोंड समाज के जिला अध्यक्ष कामेश्वर दुब्बा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

इस मौके पर श्री तेलामी ने पेसा कानून की महत्ता और आदिवासी अधिकारों पर चर्चा करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभाने की बात कही।

बैठक में सामान्य प्रभाग के लिए सन्नू हेमला को अध्यक्ष, रवि नाइक, संदीप हेमला, रमेश हपका एवं गुड्डू मोडीयम को उपाध्यक्ष, मनीष पुनेम को सचिव, भैरम राना एवं बुधरु लेकाम को सह सचिव तथा बिट्टू माड़वी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

महिला प्रभाग में सावित्री हपका को अध्यक्ष, पायल हेमला, मालती ताती, सरिता हेमला एवं सरिता अवलम को उपाध्यक्ष, संगीता राना को सचिव, रानी पुनेम को सह सचिव तथा सरोजनी ताती को कोषाध्यक्ष चुना गया। युवा प्रभाग में रैनू ओयाम को अध्यक्ष, छोटू लेकाम, अशोक ताती, राकेश कुरसम एवं बुधराम रैयाम को उपाध्यक्ष, रमेश फरसा को सचिव, विनोद कुरसम को सह सचिव, सुमित ताती को कोषाध्यक्ष, अनिल कोरसा तथा लक्ष्मण भोगाम को कार्यकारिणी सदस्य तथा बिट्टू माड़वी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक के अंत में समाज हित, सामाजिक जागरूकता और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। साथ ही नव नियुक्त पदाधिकारियों के पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह के लिए 19 जून को चेरपाल में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित