धार , जनवरी 28 -- आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मध्यप्रदेश के धार जिले की पर्यटन नगरी मांडू में किया जा रहा है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश पर शिविर को सर्वोदय प्रशिक्षण नाम दिया गया हैं, तीन दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत 30 जनवरी को सुबह होगी। इसमें दिल्ली से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षक कांग्रेस की नीतियों, सिद्धांतों और काम करने के नए तरीकों की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव लड़ने के तरीके, बूथ मैनेजमेंट और जनता से सीधा संवाद कैसे करें, जैसे अहम विषयों की ओर कांग्रेसियों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मांडू स्थित जैन मंदिर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। अध्यक्ष के अनुसार पार्टी संगठन को जमीन पर मजबूत करने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। इस शिविर में चुनिंदा पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इस शिविर के जरिए कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ के नारे को बुलंद करना चाहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित