एमसीबी, मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में जिला प्रशासन मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय मनेंद्रगढ़ में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत चार बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर की गई तथा उन्हें टीकाकरण प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका निगम महापौर राम नरेश राय ने अभियान का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम कलेक्टर जिला एमसीबी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

जिला पीआरओ से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार,कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को निर्धारित आयु में यह टीका अवश्य लगवाएं और इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनीत विश्वकर्मा ने एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी वायरस से होने वाला संक्रमण आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बनता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका चरणबद्ध तरीके से लगाया जाएगा तथा जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र राय ने भी इस स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राम नरेश राय ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि समाज के हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय और टीकाकरण के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और स्कूलों के माध्यम से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इस अवसर पर बीएमओ डॉ. मनीष सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, बीपीएम राजकुमार रजवाड़े, वीसीसीएम वरुण मिश्रा, जिला अस्पताल प्रबंधक वीरेंद्र साव सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित अतिथियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित