अमृतसर , जनवरी 30 -- पंजाब में अमृतसर के अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से चुनी गयी पंचायतों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक सौंपे।

श्री धालीवाल ने अजनाला विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों बोहरवाल, मधुशंगा, कोट मुगल और उर्दन की सर्वसम्मति से चुनी गयी पंचायतों को चेक सौंपते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वादा किया था कि सर्वसम्मति से चुनी गयी पंचायतों को पांच-पांच लाख रुपये की राशि इनाम के तौर पर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मान सरकार ने अपना वादा पूरा करते हुए अजनाला विधानसभा क्षेत्र के लगभग 46 गांवों को दो करोड़ 30 लाख रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि इन गांवों की पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी गयी हैं और आज से इन गांवों को चेक बांटने का काम शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि पंचायतें अपनी मर्जी से गांवों के विकास पर यह रकम कहीं भी खर्च कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह रकम गांवों के छोटे-बड़े विकास कामों के लिए बहुत कारगर साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित