बैतूल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में तकनीकी खराबी और नेटवर्क की समस्या के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण प्रभावित हो रहा है। पारेगांव मार्ग स्थित ताप्ती विपणन सहकारी समिति की उचित मूल्य दुकान पर सर्वर ठप रहने से उपभोक्ताओं को बिना राशन लिए लौटना पड़ रहा है।

इस दुकान से मुलताई के छह वार्डों और करीब दो दर्जन गांवों के 12 हजार से अधिक उपभोक्ता जुड़े हैं। पिछले कई दिनों से सर्वर और डाटा फीडिंग में आ रही दिक्कतों के कारण वितरण बार-बार बाधित हो रहा है। उपभोक्ताओं को घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी राशन नहीं मिल पा रहा है।

दुकान संचालक वीरेंद्र सोलंकी ने बताया कि सर्वर की समस्या के कारण लाभार्थियों का डाटा सिस्टम में दर्ज नहीं हो पा रहा है। बीएसएनएल का वाई-फाई कनेक्शन भी बंद है। वैकल्पिक नेटवर्क से काम करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन तकनीकी बाधाएं बनी हुई हैं।

ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि दुकान तक आने-जाने में उनका पूरा दिन और किराया खर्च होता है। राशन नहीं मिलने से दिहाड़ी मजदूरों और गरीब परिवारों को समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कर समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित