सीतापुर , सितंबर 01 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रामपुर कला पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से लूट के मामले का खुलासा करते हुए सात अंतरराज्यीय एवं अंतर्जनपदीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, दो तमंचे और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने मंगलवार शाम बताया कि 23 अगस्त की शाम ग्राम रसूलपुर और ज्ञाननगर के बीच रास्ते में सर्राफा व्यापारी रमेश निगम के साथ लूट की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष रावत, अनूप, नंदू कनौजिया उर्फ शत्रुघ्न निवासी गुडंबा, लखनऊ, दिलशाद निवासी ग्राम धौलपुर, थाना कंचनपुर, जिला धौलपुर, राजस्थान, विशाल तिवारी निवासी लखनऊ तथा पंकज और पप्पू निवासी महानगर, थाना महमूदाबाद, सीतापुर के रूप में हुई है। सभी को बगराभारी के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ पायल, सात चौकोर ताबीज, छह गोल ताबीज, 'ओम' लिखे तीन लॉकेट, 'चंदा' लिखा एक लॉकेट, 163 बिछिया, 17 अंगूठियां, हाथ के चार छोटे कड़े, चार बाला, घुंघरू वाली तीन पायल और 11 सफेद पायल बरामद की हैं।
इसके अलावा दुकान की चाबी, मोटरसाइकिल की चाबी, एक टूटा एवं जला हुआ चश्मा, जले हुए नीले बैग का एक टुकड़ा, दो तमंचे 315 बोर, घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे तथा अपाचे और टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों तमंचे मनीष और अनूप के कब्जे से बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर सर्राफा व्यापारी की दुकान की रेकी की थी। उन्हें जानकारी थी कि रमेश निगम दुकान बंद करने के बाद ज्ञाननगर के रास्ते अपने घर बाबूपुरवा जाते हैं। इसके बाद आरोपियों ने योजना बनाकर 23 अगस्त को लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित