श्रावस्ती , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में बीते मार्च माह में सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से असलहा भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की वारदात हुई थी। व्यापारी ने पुलिस को बताया था कि रास्ते में उसकी गाड़ी रोककर तीन अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया। सिर पर वार होने के कारण वह बेहोश हो गया और इसी दौरान उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने घटना के बाद से थाना कोतवाली भिनगा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर मामले के खुलासे के लिए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
इसी क्रम में मंगलवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़ा एक संदिग्ध आरोपी अंटा तिराहे के पास देखा गया है।पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी पहचान अमरेश यादव निवासी थाना इकौना क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमरेश यादव के खिलाफ लूट समेत अन्य आपराधिक मामलों में कुल आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित