अलवर , जून 16 -- राजस्थान में अलवर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच सर्राफा बाजार और बजाजा बाजार के आभूषण विक्रेताओं एवं व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका से मुलाकात करके अपनी समस्याएं बताईं।

आभूषण विक्रेता संघ के अध्यक्ष दीपक गर्ग ने मंगलवार को बताया कि सर्राफा बाजार और बजाजा बाजार का अधिकतर ढांचा रियासतकाल का बना हुआ है। कई दुकानों के सामने के चबूतरे, नालियों के ऊपर बने हिस्से और दोहरे शटर वर्षों पुराने हैं। उन्होंने कहा कि इन बाजारों में सबसे अधिक सर्राफा की दुकानें हैं, जहां करोड़ों रुपये का सामान रहता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। श्री गर्ग ने कहा कि कई आभूषण विक्रेताओं की दुकानों पर दो-दो शटर लगे हुए हैं। अतिक्रमण हटाने के दौरान एक शटर तोड़ा जाता है तो व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि कार्रवाई से पहले विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाये और व्यापारियों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान किया जाये।

व्यापारियों ने श्री नरुका से आग्रह किया कि बिना योजना और परामर्श के कोई कार्रवाई नहीं की जाये। इस पर आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की राय और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर विस्तृत विचार-विमर्श कर संतुलित समाधान निकाला जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित