भिण्ड , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के देहात थाना क्षेत्र स्थित पुर गांव में जहरीले सांप के डसने से सगे भाई-बहन की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धर्मेंद्र लोधी की पत्नी बबीता देवी अपने तीन बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। देर रात एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया और पहले आठ वर्षीय काव्या तथा बाद में पांच वर्षीय आयुष को डस लिया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर उनका बड़ा भाई जाग गया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन दोनों बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने काव्या को मृत घोषित कर दिया। आयुष की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिए गए। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित