झाबुआ , मई 17 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में समय पर उपचार, चिकित्सकों की तत्परता और लगातार निगरानी के चलते सर्पदंश से गंभीर हुए छह वर्षीय बालक को नया जीवन मिला।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ग्राम टिकरी बोडिया भूरिया फलिया निवासी अरुण भूरिया को नौ मई की शाम जहरीले सांप ने काट लिया था। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय झाबुआ लेकर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचते-पहुंचते बालक की हालत गंभीर हो चुकी थी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। ड्यूटी पर तैनात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप चोपड़ा और नर्सिंग ऑफिसर्स ने तत्काल अरुण को वेंटिलेटर सपोर्ट पर लेकर उपचार शुरू किया। साथ ही एंटी स्नेक वेनम सहित आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयां दी गईं।

बालक को पीआईसीयू में लगातार चार दिनों तक विशेष निगरानी में रखा गया। इस दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन बामनिया, डॉ. भावेश परमार और नर्सिंग स्टॉफ ने लगातार उसकी मॉनिटरिंग और देखभाल की। चिकित्सकों की सजगता और टीमवर्क से धीरे-धीरे बालक की स्थिति में सुधार हुआ और वह खतरे से बाहर आ गया।

लगातार आठ दिनों तक चले उपचार के बाद आज अरुण पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने परिवार के साथ घर लौट गया। परिजनों ने जिला चिकित्सालय झाबुआ के चिकित्सकों, नर्सिंग ऑफिसर्स और स्वास्थ्य स्टॉफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित