मुरैना , फरवरी 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आज एक सर्जिकल फैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग में करीब तीन करोड़ रुपये का सर्जिकल सामान, कॉटन और कीमती मशीनें जलकर खाक हो गईं। आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, क्योंकि आग लगते ही कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र के बानमौर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सायरा सर्जिकल फैक्ट्री में आज दोपहर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बानमौर और मुरैना से आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण चलती मशीनों के दौरान बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित