अलवर , मई 29 -- राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच सरिस्का के बफर क्षेत्र में शुक्रवार को बताया कि बाघिन-19 के शावक पानी की ठंडी लहरों में अठखेलियां करते नजर आये।
तपती गर्मी में ये शावक पानी में खेलते हुए राहत लेते दिखाई दिये, जिसका वीडियो और तस्वीरें वन्यजीव प्रेमियों को खूब आकर्षित कर रही हैं।
सरिस्का के जंगलों में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में वन्यजीव भी गर्मी से बचने के लिए पानी के स्रोतों का सहारा ले रहे हैं। बाघिन एसटी-19 अपने शावकों के साथ पानी के किनारे पहुंची, जहां शावक कभी पानी में उछलकूद करते तो कभी एक-दूसरे के साथ खेलते नजर आये। यह दृश्य जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार को बेहद करीब से दिखाता है।
वन विभाग के अनुसार सरिस्का में बाघों की संख्या लगातार बढ़ रही है और शावकों की गतिविधियां संरक्षण की सफलता का संकेत मानी जा रही हैं। हाल ही में सरिस्का में कई बाघिनों के साथ शावकों की हलचल दर्ज की गई है, जिससे बाघ अभयारण्य में वन्यजीव प्रेमियों का उत्साह बढ़ा है।
गर्मी के बीच पानी में खेलते इन शावकों का यह नज़ारा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जंगल की शांति, पानी की ठंडी लहरें और बाघ शावकों की मासूम अटखेलियां लोगों को प्रकृति के और करीब ला रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित