अलवर , सितम्बर 23 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य के ढूंढ क्षेत्र में मंगलवार की शाम पर्यटकों के लिए सफारी के दौरान घने जंगल में एक साथ दो नर बाघों के दीदारसे पर्यटक रोमांचित हो गये।
वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आये पर्यटकों को जंगल में करीब 40 मीटर के दायरे में दो बाघ नजर आये। सफारी के दौरान एक अन्य रोमांचक घटना के तहत एक बाघ पर्यटकों की रुकी हुई गाड़ी के से महज एक फुट की दूरी से होकर गुजरा और कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में जाकर बैठ गया। इस दौरान पर्यटकों की सांसें थम गयीं और पूरा घटनाक्रम उनके लिए याद्गार बन गया।
सूत्रों ने बताया कि ग्वालियर से आये पर्यटक दोपहर की सफारी के दौरान सरिस्का के घने जंगल क्षेत्र में पहुंचे थे। जंगल में दृश्यता कम होने के बावजूद सांभर की पुकार और उसकी गतिविधियों को देखते हुए गाइड एवं पर्यटकों ने बाघ की मौजूदगी का अंदाजा लगाया। बाद में घनी झाड़ियों के बीच पहला बाघ नजर आया। पर्यटक अभी इसका आनंद ले ही रहे थे कि करीब 40 मीटर की दूरी पर दूसरा नर बाघ भी दिखाई दे गया। एक ही समय में बेहद कम दूरी पर दो बाघों को देख पर्यटक रोमांचित हो उठे और कैमरों में इस दृश्य को कैद करने लगे।
बताया गया कि दिखाई दिये दोनों नर बाघ एसटी-19 के शावक हैं और उनकी उम्र करीब डेढ़ वर्ष से अधिक बतायी जा रही है। घने जंगल में दोनों बाघों का इतने कम अंतर पर नजर आना पर्यटकों के लिए खास अनुभव रहा। जंगल में बाघों की गतिविधियों को नजदीक से देखने का यह मौका पर्यटकों ने लंबे समय तक याद रखने वाला अनुभव बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित