अलवर , जनवरी 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य में शनिवार को सुबह बाघ एसटी-21 युवराज को देखकर जंगल सफारी पर आए स्कूली बच्चे रोमांचित हो उठे।

अभयारण्य सू्त्रों ने बताया कि युवराज झाड़ियों से अचानक बाहर निकला और तेज़ी से रास्ता पार करते हुए जंगल की ओर चला गया। सरिस्का का सबसे ताकतवर बाघ माने जाने वाले युवराज को इस तरह इतनी तेज़ी से निकलते हुए पहले कभी नहीं देखा गया था। वह जब ट्रैक पर आया, तो केंट्रा में सवार बच्चों की ओर कुछ पल तक देखने लगा और फिर तेजी से जंगल में ओझल हो गया।

बाघ को इतनी नज़दीक देखकर बच्चे कुछ देर के लिए डर गये, लेकिन उन्होंने कोई शोर नहीं मचाया। बाद में बच्चे बेहद खुश और उत्साहित नज़र आये, क्योंकि उन्होंने युवराज को बहुत करीब से देखा था।

यह नज़ारा शनिवार सुबह की पहली पारी की सफारी का है, जब एक केंट्रा में सवार करीब 30 स्कूली बच्चे सरिस्का जंगल सफारी पर निकले थे। बाघ के दीदार के बाद बच्चों ने काफी देर तक युवराज को दूर जाते हुए देखा। इस सत्र में बाघों के लगातार दिखने से सरिस्का में पर्यटकों की भीड़ बनी हुई है,जिससे जंगल में रौनक देखने को मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित