अलवर , मई 20 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य के अकबरपुर रेंज में बुधवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनपुर नाके के अधीन बिनक वन क्षेत्र में रात करीब पौने आठ बजे ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में आग लगने की सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद विभाग ने तत्काल आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु कर दिये।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही रेंजर हेमेंद्र सिंह राजावत और सहायक वन संरक्षक अंकुश जिंदल ने तुरंत वनकर्मियों का दल घटनास्थल के लिए रवाना किया। अकबरपुर रेंज के चारों नाकों से करीब 35 से 40 वनकर्मी मौके पर पहुंचे और अंधेरे के बीच सूझबूझ, सतर्कता और तेज कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।

वनपाल रामवीर गुर्जर ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो जंगल में मौजूद वन्यजीवों और वन संपदा को भारी नुकसान हो सकता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित