अलवर , मार्च 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का में सफारी के दौरान एक साथ पांच बाघों को देखकर विदेशी पर्यटक रोमांचित हो गये।
पर्यटकों ने इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया और उसका वीडियो भी बनाया। सफारी में मौजूद गाइड आकाश पारीक ने शनिवार को बताया का बफर क्षेत्र के लिवारी ट्रैक पर चार विदेशी पर्यटक सफारी के लिए शुक्रवार शाम आए थे जिन्हें बाघिन एसटी-19 अपने चार शावकों के साथ जलस्रोत पर नजर आई।
पर्यटकों ने गाइड आकाश को बताया कि पहली बार बाघ देखने आए ओर एक, दो नहीं पांच बाघ उन्हें दिखे जो काफी रोमांचक पल रहा।
बाघिन के शावक अब काफी बड़े हो चुके हैं। जो अब वयस्क बाघ की तरह नजर आ रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही जल स्रोतों पर बाघ अब नजर आने लगे है।
गाइड ने बताया कि शावक पानी में उतर गए जबकि बाघिन बाहर बैठ गई। शावक पानी के बीच अठखेलियां करते भी दिखे। करीब 30 मिनट से ज्यादा समय तक बाघ परिवार को पर्यटकों ने देखा। इस रोमांचित पलों के बाद विदेशी पर्यटकों ने गाइड आकाश और चालक गणेश का धन्यवाद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित