अलवर , मई 10 -- राजस्थान में अलवर के सरिस्का बाघ अभयारण्य में वन्यजीव संरक्षण और निगरानी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सहायक वनपाल धर्म सिंह को अप्रैल के लिए "सर्वश्रेष्ठ गश्ती कार्मिक" चुना गया है।

सरिस्का प्रशासन द्वारा रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार धर्म सिंह ने वन्यजीव संरक्षण, निगरानी और पैदल गश्त उल्लेखनीय समर्पण दिखाया। उन्होंने अप्रैल के दौरान संरक्षित क्षेत्र में करीब 297 किलोमीटर पैदल गश्त करके वन्यजीव सुरक्षा गतिविधियों को मजबूती दी।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संरक्षित क्षेत्र में लगातार प्रभावी पैदल गश्त से वन्यजीवों की सुरक्षा, शिकार पर रोक और जंगल की निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है। धर्म सिंह के कार्य को इसी दिशा में उत्कृष्ट योगदान माना गया है।

सरिस्का बाघ अभयारण्य क्षेत्रीय निदेशक द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। वन विभाग ने इसे कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और संरक्षण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की पहल बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित