ग्रेटर नोएडा , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छपरौला के पास मंगलवार को दादरी से गाजियाबाद की ओर जा रहा सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक में भारी मात्रा में सरिया लदा होने के कारण चालक ट्रक के केबिन में फंस गया था। पुलिस टीम ने गैस कटर तथा हाईड्रा/क्रेन की सहायता से ट्रक में लदे सरिया को हटवाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायल चालक की पहचान आमिर (28) पुत्र मकसूद, निवासी ग्राम ज़ेहरा, थाना कोतवाली देहात, चांदपुर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा कर लिया गया। ट्रक को हटाने के बाद यातायात को सामान्य रूप से संचालित करा दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित