महासमुंद/सरायपाली , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित सरायपाली क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज बालोदिया राइस मिल को सील कर दिया है। भौतिक सत्यापन के दौरान मिल में 61,203 बोरा धान की गंभीर कमी पाई गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्धारित स्टॉक के मुकाबले भारी अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने मिल में उपलब्ध समस्त धान स्टॉक को जब्त कर लिया। साथ ही आगे की जांच प्रभावित न हो, इसके मद्देनज़र राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर तहसीलदार, खाद्य विभाग, मंडी समिति सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने मिल परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की।
प्रशासन का कहना है कि धान की कमी को लेकर जवाबदेही तय की जाएगी और मामले में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य राइस मिल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित