भरतपुर , अप्रैल 03 -- राजस्थान में भरतपुर के जलैना थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सराफ़ दुकानदार की सजगता से उसकी दुकान में चोरी की एक बड़ी वारदात होते होते टल गयी।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर रात कस्बे के मुख्य बाजार में छुट्टन लाल सोनी की दुकान में चोरों ने धावा बोला। वे शटर काट चुके थे कि उनकी आहट सुन कर दुकान मालिक जाग गया और उसने चोरों को ललकारा तो चोरों ने उन्हें धमकाया, लेकिन जैसे ही दुकानदार घर के अंदर से लाठी लेने गया, तभी चोर फरार हो गये।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक चोर नदारद हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने आसपास की अन्य दुकानों की जांच की तो शराब की एक दुकान की शटर कटी मिली, जिसमें चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमे चोर सराफ की दुकान की शटर काटते नजर आ रहे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित