ग्वालियर , अक्टूबर 08 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सराफा दुकान में ग्राहक बनकर जेवर चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को कोतवाली थाना पुलिस ने पुरानी छावनी इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस पूछताछ में आरोपियों से दो चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
सीएसपी लश्कर किरण अहिरवार ने बताया कि चार दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के सराफा बाजार स्थित मोर गली में दिव्यांश ज्वेलर्स से एक महिला ग्राहक सोने के टॉप्स चोरी कर ले गई थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आरोपी महिला मोतीझील की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस ने 60 से अधिक कैमरों के फुटेज के आधार पर उसका पीछा करते हुए मोतीझील तक पहुंचकर एक महिला को पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके अन्य साथियों को द्वारकापुरी इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान हेमा पत्नी धर्मेंद्र बरार, रेखा पत्नी योगेश बरार, अंकित पुत्र पटवारी बरार और रानी पत्नी राहुल बरार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने दिव्यांश ज्वेलर्स से सोने के टॉप्स चोरी करने के साथ ही जनवरी में सराफा बाजार स्थित प्रभु दयाल ज्वेलर्स से सोने की चेन चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित