पटना , सितंबर 27 -- सरस मेला के समापन में महज दो दिन शेष रहने के बीच रविवार को खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और सात दिनों में मेले में खरीद-बिक्री का आंकड़ा ढाई करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। 20 सितंबर 2026 से जारी इस मेले का 29 सितंबर को समापन होने वाला है। लिहाजा शिल्प, स्वाद और कलाकृतियों के शौकीन जमकर खरीददारी कर रहे और लजीज खाद्य व्यंजनों का लुत्फ उठा रहे हैं।
रविवार को सप्ताहांत की छुट्टी के दिन खरीददारों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ। छुट्टी का दिन और सरस मेले के समापन के महज दो दिन शेष रहने के कारण लोगों ने जमकर खरीददारी की और देशी व्यंजनों का लुत्फ उठाया। ज्ञान भवन परिसर सुबह से ही आगंतुकों से खचाखच भरा रहा।
मेला में देश के विभिन्न प्रदेशों की लोककलाओं पर आधारित परिधानों की खूब मांग है। बावनबूटी, सिक्की कला, सुजनी, काथा, भरवा कला से बने परिधानों की जमकर बिक्री हुई।
सारण जिला के दिघवारा प्रखंड से आई श्रीमती रीता देवी इस बार के मेले की स्टार उद्यमियों में से एक बन गई हैं। रीता देवी ने अकेले एक लाख रुपये से अधिक की कुर्ती और सलवार सूट की बिक्री की है। रीता देवी श्याम जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। जीविका के सहयोग से उन्हें अपने परिधानों की बिक्री के लिए सरस मेला जैसा बड़ा राष्ट्रीय प्लेटफार्म मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित