यमुनानगर , सितंबर 07 -- हरियाणा में यमुनानगर के सरस्वती नगर में सोमवार को कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय अधिवेशन आयोजित किया गया।

यह आयोजन ब्लॉक प्रधान प्रवीण राणा और कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। अधिवेशन में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल मुख्य अतिथि और अंबाला सांसद वरुण मुलाना विशिष्ट अतिथिके रूप में मौजूद रहे। जिला ग्रामीण कांग्रेस प्रधान नरपाल गुर्जर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंच संचालन मुकेश पाल ने किया।

मुख्य अतिथि जितेंद्र बघेल ने कहा कि भाजपा ने पिछले 12 वर्षों में देश को गर्त में धकेलने का काम किया है। देश में विकास कार्य, उद्योगों की स्थापना और नयी नीतियों का निर्माण कांग्रेस की देन है। भाजपा नहीं चाहती कि गरीब परिवारों के बच्चे शिक्षित हों, इसलिए हजारों सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए। भाजपा शासन में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है।

सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में ब्लॉक स्तर पर 180 कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसी कड़ी में सरस्वती नगर-व्यासपुर ब्लॉक का यह पहला कार्यक्रम है।

नौ सितंबर को ऊंचा चांदना में होगा ब्लॉक अधिवेशन ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि नौ सितंबर को खेड़ी लक्खा सिंह ब्लॉक का अधिवेशन गांव ऊंचा चांदना स्थित रतन फार्म में होगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी गतिविधियों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।

इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी, ब्लॉक प्रधान प्रवीण राणा, परमजीत धीमान, गुलजार, रविंदर पाल रोजी, जगबीर चौधरी, अशोक राणा, मोंटी संधू, मोनिका डोगरा, अख्तर अली और रामकरण सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित